किसानों को नई ई-टोकन व्यवस्था के बारे में दी जानकारी, खाद वितरण की पारदर्शिता पर दिया जोर
विदिशा, कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने गत दिवस ग्यारसपुर स्थित खाद भंडारण केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने भंडारण केंद्र पर खाद वितरण की प्रक्रिया, स्टॉक की स्थिति तथा किसानों की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गुप्ता ने पोस मशीन के माध्यम से किसानों को दी जा रही खाद वितरण प्रणाली का प्रत्यक्ष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि खाद वितरण की पारदर्शी और तकनीकी व्यवस्था किसानों को राहत देने में सहायक होगी। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी किसान को केंद्र पर अधिक समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
कलेक्टर ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। इस अवसर पर उन्होंने ई-टोकन प्रणाली की नई व्यवस्था के बारे में किसानों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ई-टोकन व्यवस्था से खाद वितरण और अधिक पारदर्शी तथा सुव्यवस्थित होगा। किसानों को अब अपने निर्धारित समय पर बिना भीड़ के खाद प्राप्त होगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गोदाम प्रभारी से भंडारण की स्थिति की जानकारी ली, जहां पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण पाया गया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर तथा संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया।
गोदाम प्रभारी ने बताया कि, केंद्र पर खाद की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और वितरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। नई ई-टोकन प्रणाली से किसानों को बड़ी सुविधा मिल रही है।
अंत में कलेक्टर गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक किसान को आवश्यक खाद समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो। अधिकारी एवं कर्मचारी इस कार्य में पूर्ण निष्ठा के साथ जुटें। निरीक्षण भ्रमण के दौरान स्थानीय एसडीएम श्रीमती शशि मिश्रा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी साथ मौजूद रहे।




