भोपाल, मध्य प्रदेश के लाखों किसानों को मुख्यमंत्री कल्याण योजना के माध्यम से चार हजार रुपए प्रतिवर्ष कल्याण निधि देने के बाद अब शिवराज सरकार सम्मान कार्ड देगी। इसके माध्यम से किसान मंडियों में बनाए जाने वाले बाजार से खरीदी कर सकेंगे। यह कार्ड किसानों के सभी बैंक खातों और आधार नंबर से लिंक होंगे। नए वित्तीय वर्ष से कार्ड देने की शुरुआत कर दी जाएगी। वहीं कुछ मंडियों में बाजार भी प्रारंभ कर दिए जाएंगे।
इनमें किसानों को मिलिट्री केंटीन की तर्ज पर रियायती दर पर सामग्री मिलेगी। योजना को लेकर मंडी बोर्ड की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मध्य प्रदेश में किसानों को एक जगह पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार मंडियों में कृषक बाजार बनाने जा रही है। इसके लिए उन मंडियों का चयन किया जा रहा है, जिनके पास पर्याप्त जगह है।
मिलेगी हर विभाग की मदद: कृषि विज्ञान मेले में कृषि के सहयोगी उद्यानिकी, मत्स्य-पालन, पशु-पालन, रेशम-पालन, कृषि अभियांत्रिकी आदि विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। कृषि वैज्ञानिक उन्नत कृषि तकनीकी, नरवाई प्रबंधन, ग्रीष्मकालीन मूँग फसल उत्पादन एवं जैविक खेती संबंधी जानकारी किसानों को देंगे। मेले में कृषि और अन्य संबद्ध विभाग स्टॉल लगाकर किसानों को खेती किसानी की जरूरी जानकारी देंगे।
इनका कहना है
किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का सरकार का वादा है। उन्हें सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। किसानों को किसान सम्मान-कार्ड दिए जाएंगे। इस कार्ड में कृषि को उन्नत बनाने और कृषि संबंधी योजनाओं से किसानों को लाभ पहुंचाने की पूरी जानकारी दी जाएगी।
कमल पटेल, कृषि मंत्री