वंदना बृजेश परमार
उज्जैन। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के 11 दिन में ही जिले का सबसे बड़ा खरीदी केंद्र साइलो, मानपुर पूरी क्षमता से भर गया है। आखिरी दिन केंद्र से दो किमी लंबी कतार लगी रही। इस दिन किसानों से 485 टन अतिरिक्त खरीदी की गई। साइलो केंद्र प्रभारी हर्षित दुबे के अनुसार केंद्र की क्षमता 50 हजार टन है, लेकिन परिवहन नहीं होने से केवल 5 हजार टन की जगह थी। खरीदी की शुरुआत 27 मार्च से हो गई थी। केंद्र पर जिला थोक उपभोक्ता सहकारी सेवा समिति के 11 और सेवा सहकारी संस्था चंदेसरा के 9 गांव के किसान पंजीकृत हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू के अनुसार साइलो केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए पंजीकृत किसानों में से जितने किसान शेष हैं, उनके संबंध में समिति को निर्देश दिए हैं। वे अपने स्तर पर मंडी में तौलकांटे लगवाएगी। दो दिन में व्यवस्था करने व संसाधन जुटाए जाएंगे।
अब तक 239 केंद्रों से 126099 टन खरीदी
जिले में गेहूं खरीदी के लिए प्रशासन ने 239 केंद्र बनाए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक के अनुसार सभी केंद्रों पर खरीदी शुरू हो गई है। अब 18314 किसानों से 126099 टन गेहूं खरीदे गए हैं। इनमें से 53 फीसदी का परिवहन हो गया है। शेष गेहूं खरीदी केंद्रों पर खुले मैदान में रखा है। इसके अलावा पिछले साल खरीदे गए गेहूं का भी परिवहन नहीं हो पाया है।
सर्वर डाउन, भुगतान के लिए अब भी इंतजार
खरीदी शुरू होने के 11 दिन बाद भी किसानों को भुगतान नहीं मिल पा रहा है। अफसरों का कहना है पूरा सिस्टम ऑनलाइन है। भोपाल से अब तक जिले के लिए 57 हजार किसानों को एसएमएस भेजे गए हैं। रोज औसत 8 हजार एसएमएस भेजे जाते हैं। इसी तरह भुगतान भी ऑनलाइन होगा। सर्वर में खराबी के कारण अब तक भुगतान शुरू नहीं हो सका। 92110 किसानों ने 835705 टन गेहूं बेचे थे पिछले साल। उन्हें 1570.27 करोड़ भुगतान हुआ था।